NDPS / टांडा पुल के पास 5.63 ग्राम चिट्टा बरामद, नगरोटा बगवां का युवक गिरफ्तार
NDPS / कांगड़ा पुलिस की CIA टीम ने रेलवे रोड स्थित टांडा पुल के पास 5.63 ग्राम चिट्टे के साथ 34 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी नगरोटा बगवां तहसील के पठियार का निवासी है। उसके खिलाफ पुलिस थाना कांगड़ा में NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर नशे की सप्लाई चेन की जांच शुरू कर दी गई है।
कांगड़ा
जानकारी के अनुसार, CIA टीम देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने टांडा पुल के पास दबिश दी, जहां एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 5.63 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण कटोच (34), निवासी गांव एवं डाकघर पठियार, तहसील नगरोटा बगवां के रूप में हुई है। चिट्टा बरामद होने के बाद CIA टीम ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुलिस थाना कांगड़ा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए आरोपी से पूछताछ भी प्रारंभ कर दी है।
सप्लाई चेन के बैकवर्ड लिंकेज की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन लोग शामिल हो सकते हैं। जांच में नशे की सप्लाई चेन के बैकवर्ड लिंकेज पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत तक पहुंचना और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क की पहचान करना है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ और मामले की जांच जारी है।
