आपदा में सुखराम चौधरी का बड़ा राहत पैकेज, 55 लाख से शुरू हुए काम
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब क्षेत्र में बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखराम चौधरी द्वारा विधायक निधि से 55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने के बाद विभिन्न पंचायतों में कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
सिरमौर/पांवटा साहिब
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेज
भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने पांवटा साहिब में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि बाढ़ से किसानों की फसलें और उपजाऊ भूमि को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में विधायक द्वारा तुरंत राहत राशि जारी कर जमीनी स्तर पर कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने बताया कि बाँगरण क्षेत्र में गिरी नदी की बाढ़ से क्षतिग्रस्त सिंचाई योजना की मरम्मत के लिए 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत जामनीवाला के खारा खाला क्षेत्र में भूमि संरक्षण के लिए 7.50 लाख रुपये और ग्राम पंचायत कुंडियों के अजीवाला क्षेत्र में भी 7.50 लाख रुपये की राशि जारी की गई है।
हितेंद्र कुमार ने कहा कि यह कदम प्रभावित किसानों को राहत देने और भविष्य में इस प्रकार की आपदाओं से बचाव के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि विधायक सुखराम चौधरी “सेवकों के सेवक” बनकर जनता की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने आगे कहा, “पांवटा साहिब की जनता को किसी भी संकट में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। हमारा लक्ष्य केवल घोषणा करना नहीं, बल्कि हर प्रभावित परिवार तक राहत पहुंचाना है। आने वाले समय में भी विकास और जनसेवा हमारी प्राथमिकता रहेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि जहां एक ओर कुछ लोग केवल बयानबाजी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राहत राशि जारी कर जमीन पर काम करने की नीति अपनाई जा रही है। इस पहल से पांवटा साहिब क्षेत्र में विकास और कार्य संस्कृति को लेकर नया संदेश गया है।