Loading...

आपदा से जूझ रहे मंडी में सरकार का जश्न असंवेदनशील : जयराम ठाकुर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 18 Dec 2025 Edited 18 Dec 1 min read

भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति की सुंदरनगर बैठक में कांग्रेस सरकार की तीन वर्षों की नीतियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे। बैठक में संगठन विस्तार और ‘1 बूथ 10 यूथ’ अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

सुंदरनगर

भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति एवं जिला अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक जिला भाजपा कार्यालय सुंदरनगर में आयोजित की गई। तीन सत्रों में चली इस बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी राजनीतिक रणनीतियों और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की तीन वर्षों की कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का समापन पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के संबोधन के साथ हुआ।

मंडी में जश्न को बताया जनभावनाओं के खिलाफ

समापन सत्र को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने मंडी जिले में हालिया प्राकृतिक आपदा के बाद सरकार द्वारा तीन साल पूरे होने के जश्न को असंवेदनशील करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस जिले ने भीषण आपदा झेली है और जहां लोग आज भी संकट से उबर नहीं पाए हैं, वहां जश्न मनाना जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

तीन वर्षों में कोई भी लोकप्रिय योजना नहीं: जयराम

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में एक भी ऐसी योजना नहीं ला सकी, जिसे प्रदेश की जनता याद रख सके। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं, संस्थानों को बंद किया जा रहा है और हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है।

युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़: सन्नी शुक्ला

बैठक के प्रथम सत्र में भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने अध्यक्षीय भाषण दिया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा संगठन की रीढ़ है और आने वाले समय में सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाने में युवा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।

‘1 बूथ 10 यूथ’ अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत

बैठक में ‘1 बूथ 10 यूथ’ अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। अभियान के प्रदेश संयोजक अरविंद कुमार और सह-संयोजक रचित चौहान ने जानकारी दी कि 1 से 30 दिसंबर तक चल रहे इस अभियान के तहत प्रदेश के 8007 बूथों में से 5270 बूथों पर युवाओं की टीमें गठित की जा चुकी हैं, जिससे संगठन को बूथ स्तर पर मजबूती मिली है।

संगठन पद्धति और अनुशासन पर विशेष सत्र

दूसरे सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कार्यकर्ताओं को संगठन पद्धति, अनुशासन और विचारधारा पर आधारित कार्यशैली के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

वरिष्ठ नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति

बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विनोद कुमार, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा और अजय ठाकुर, जिला महामंत्री ओम प्रकाश एवं जितेंद्र सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। भाजयुमो प्रदेश महामंत्री सुशील कडशोली और शाश्वत कपूर ने सत्रों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रदेश भर से आए भाजयुमो जिला अध्यक्षों और कार्यसमिति सदस्यों ने बैठक में भाग लिया।