पंडोह में 22 से 30 मार्च तक अग्निवीर भर्ती रैली, मंडी-कुल्लू-लाहौल के 3000 युवा होंगे शामिल
तीसरी भारतीय रिजर्व बटालियन पंडोह में 22 से 30 मार्च तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित होगी। मंडी, कुल्लू और लाहौल स्पिति के करीब 3000 युवा इसमें भाग लेकर ग्राउंड टेस्ट देंगे।
मंडी/पंडोह
भर्ती रैली का दूसरा चरण शुरू
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के दूसरे चरण के तहत पंडोह स्थित तीसरी भारतीय रिजर्व बटालियन परिसर में युवाओं का ग्राउंड टेस्ट आयोजित किया जाएगा। रैली में मंडी, कुल्लू और लाहौल स्पिति जिलों के लगभग 3000 युवा भाग लेंगे।
प्रशासन ने की तैयारी बैठक
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि भर्ती रैली के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा और सेना अधिकारियों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
पेयजल, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष जोर
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं। सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।