आयुर्वेदिक पैरासर्जिकल शिविर / 22 अप्रैल को नाहन में निशुल्क आयुर्वेदिक पैरासर्जिकल शिविर, वात व जोड़ों के दर्द का होगा विशेष उपचार
नाहन
शिविर में अग्निकर्म, रक्तमोक्षण व कपिंग जैसी थैरेपी से किया जाएगा इलाज, 7 मई को जमटा में होगा अगला कैंप
जिला आयुर्वेदिक अस्पताल नाहन में 22 अप्रैल को आयुष विभाग की ओर से निशुल्क आयुर्वेदिक पैरासर्जिकल शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में वात विकार, जोड़ों के दर्द और अन्य शारीरिक व्याधियों का उपचार विशेष तकनीकों द्वारा किया जाएगा। शिविर में आने वाले मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।
विशेषज्ञ देंगे पैरासर्जिकल प्रक्रियाओं की जानकारी
जिला आयुष अधिकारी डॉ. इंदु शर्मा ने बताया कि शिविर में आयुर्वेद विभाग से जुड़े अनुभवी विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे, जो पैरासर्जिकल प्रक्रियाओं जैसे अग्निकर्म, रक्तमोक्षण, मरण चिकित्सा और कपिंग थैरेपी के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे और आवश्यकतानुसार इन विधियों द्वारा उपचार भी किया जाएगा।
जरूरतमंदों को पंचकर्म की सुविधा अगले दिन से
डॉ. शर्मा ने यह भी बताया कि यदि किसी मरीज को पंचकर्म चिकित्सा की आवश्यकता होती है, तो उनका इलाज अगले दिन से पंचकर्म यूनिट के माध्यम से किया जाएगा।
7 मई को जमटा में भी लगेगा शिविर
आयुष विभाग द्वारा इसी तरह का अगला शिविर 7 मई को जमटा में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयुर्वेदिक उपचार शिविर का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाएं।