इंडस्ट्रियल एरिया बिलासपुर में नमकीन फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का नुकसान
धुएं के गुबार से दहला इलाका, कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
हिमाचल नाऊ न्यूज़ बिलासपुर
बिलासपुर के इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक नमकीन उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया।घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने फैक्ट्री कर्मचारियों के साथ मिलकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग इतनी भयंकर थी कि दूर-दूर तक लपटें और धुआं दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग फैक्ट्री के उत्पादन क्षेत्र में लगी, जहां बड़ी मात्रा में नमकीन उत्पाद, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान रखा हुआ था।
आग तेजी से फैलने के कारण फैक्ट्री के भीतर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
वहीं फैक्ट्री मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं और पूरे क्षेत्र में लंबे समय तक धुआं फैला रहा।