इतने निजी बीएड कॉलेजों को संबद्धता, निरीक्षण फीस जमा नहीं करवाने पर नोटिस जारी……
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने 2015 में निजी बीएड कॉलेजों की प्रति कोर्स संबद्धता और इंसपेक्शन फीस बढ़ाई थी, जिसका निजी बीएड कॉलेजों ने विरोध किया था। उनका तर्क था कि फीस एकमुश्त ली जानी चाहिए, हर साल नहीं। मामला उलझने पर निजी बीएड कॉलेजों ने तय फीस भी नहीं दी।
अब एचपीयू ने संबद्धता और निरीक्षण फीस न देने पर 73 निजी बीएड कॉलेजों को नोटिस जारी कर दिए है। इसके साथ ही विवि के कुलसचिव ने दस दिन में फीस जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। बता दें 73 निजी बीएड कॉलेजों ने 2015 से लेकर विवि को सालाना दिए जाने वाली संबद्धता और निरीक्षण फीस का भुगतान नहीं किया है।
दरअसल केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की नेशनल काउंसिल फॉर टीचर्स एजूकेशन (एनसीटीई) ने प्रदेश के निजी बीएड कॉलेजों से विश्वविद्यालय की ओर से जारी संबद्धता प्रमाणपत्र जमा करवाने को कहा है। यह विवि तभी जारी करेगा, जब निजी कॉलेज आठ सालों से बकाया संबद्धता और निरीक्षण फीस चुकाएंगे।