इस्राइल-हमास संघर्ष में लगातार बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा, अब तक करीब 8,000 की गई जान
इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष को अब 20 दिन हो चुके हैं। इस बीच दोनों तरफ से हुए हमलों में अब तक करीब 8000 लोगों की जान जा चुकी है। जहां हमास के हमले में इस्राइल के 1400 से ज्यादा नागरिक मारे गए हैं, वहीं इस्राइली सेना के पलटवार में गाजा पट्टी में 6500 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।
इस बीच गाजा पर इस्राइल की तरफ से लगाए गए आपूर्ति प्रतिबंधों की वजह से आम जरूरतों की कई चीजों की किल्लत हो गई है। ईंधन की कमी के चलते यहां अस्पतालों में भी आम लोगों की ठीक से इलाज नहीं मिल पा रहा है। आलम यह है कि डॉक्टर सिर्फ आपात मामलों को ही इलाज के लिए भर्ती कर पा रहे हैं।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि इस्राइल और हमास के बीच जारी संघर्ष का दायरा पश्चिम एशिया से बाहर भी प्रभाव डाल सकता है। रूस का यह बयान ऐसे समय में आया है जब संयुक्त राष्ट्र में गाजा पर हमलों को रुकवाने का उसका प्रस्ताव पास नहीं हो सका। उधर गाजा पट्टी में भी इस्राइल के हमलों के चलते मानवीय मदद पहुंचाने में मुश्किलें आ रही हैं।