इस बार भी शिमला में व्हाइट क्रिसमस की टूटी आस, एक सप्ताह तक मौसम साफ
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश में इस बार व्हाइट क्रिसमस के आसार न के बराबर जताये जा रहे है। प्रदेश में एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विभाग केंद्र शिमला ने प्रदेश के सभी भागों में 25 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी जिलों में 21 दिसंबर तक सुबह और शाम के समय धुंध पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस जिलों में धुंध ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। वर्ष 2016 के बाद से अभी तक शिमला में व्हाइट क्रिसमस की आस पूरी नहीं हुई है। इस बार भी 25 दिसंबर को बर्फबारी के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि अभी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा।
धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। न्यूनतम तापमान में हालांकि कमी आने से सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना जताई गई है।