हाईकोर्ट की सख्ती से रेणुका मेले की बदली तस्वीर, झील किनारे दुकानों पर ताले, आस्था को मिला खुला आकाश
रेणु मंच अभयारण्य की सीमा से बाहर, सांस्कृतिक संध्याओं पर रोक नहीं; एसडीएम राजीव सांख्यान बोले—अदालत के आदेशों का हो रहा सख्ती से पालन, झील किनारे भागवत आयोजन भी प्रतिबंधित
श्री रेणुका जी
हिमाचल दस्तक जिला ब्यूरो
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले में इस बार हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों का असर साफ दिखाई दे रहा है। मेले के तीसरे दिन पवित्र श्री रेणुका जी झील के चारों ओर व्यावसायिक गतिविधियां बंद रहीं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात नजर आया। यहां तक कि साधु-संतों के आश्रमों के आसपास स्थित स्थायी दुकानों के शटर भी बंद दिखाई दिए। इसका सबसे सुखद पहलू यह रहा कि श्रद्धालु बिना व्यावसायिक गतिविधियों की भीड़भाड़ के खुले और स्वच्छ वातावरण में मां श्री रेणुका जी तथा भगवान परशुराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते नजर आए।
हालांकि परशुराम ताल के समीप रेणु मंच पर आयोजित सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान बड़े स्पीकरों से गूंजती तेज आवाज को लेकर सवाल भी उठे। श्री रेणुका जी क्षेत्र वन्यजीव अभयारण्य होने के साथ अंतरराष्ट्रीय महत्व की रामसर वेटलैंड भी है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और ध्वनि प्रदूषण को लेकर अदालत के निर्देशों के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की स्थिति स्पष्ट करना जरूरी हो गया था।
इस संबंध में एसडीएम नाहन एवं श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के सदस्य सचिव राजीव सांख्यान ने स्पष्ट किया कि जिस रेणु मंच पर सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जा रहा है, वह वन्यजीव अभयारण्य की निर्धारित सीमा से बाहर स्थित है। लिहाजा वहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हाईकोर्ट के आदेशों का उल्लंघन नहीं है। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त सभी दिशा-निर्देशों का पूरी सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
राजीव सांख्यान ने बताया कि झील के किनारे जिन क्षेत्रों में अदालत ने प्रतिबंध लगाए हैं, वहां व्यावसायिक गतिविधियों के साथ-साथ भागवत कथा के आयोजन को भी प्रतिबंधित किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए पर्यावरण और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने श्री रेणुका जी झील और परशुराम ताल के आसपास 100 मीटर के दायरे में व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक सहित स्वच्छता, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, अतिक्रमण और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। अदालत ने सांस्कृतिक मंचों को वन्यजीव अभयारण्य की सीमा से बाहर रखने के निर्देश भी दिए हैं।
हाईकोर्ट की सख्ती का स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने भी स्वागत किया है। वर्षों से दुकानों और व्यावसायिक गतिविधियों की चहल-पहल के बीच होने वाली झील की परिक्रमा इस बार अपेक्षाकृत शांत और व्यवस्थित दिखाई दी।
बहरहाल, इस बार अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दे रहा है। प्रशासन का दावा है कि अदालत के आदेशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। वहीं सांस्कृतिक संध्याओं में ध्वनि स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखना भी महत्वपूर्ण रहेगा।

