बिजली बिल के 8.64 लाख रुपये बकाया, 572 उपभोक्ताओं को 25 नवंबर तक भुगतान का मौका
विद्युत उपमंडल सिद्धपुर ने पिछले दो महीनों से बिजली बिल जमा नहीं करवाने वाले 572 घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को 25 नवंबर तक बकाया राशि चुकाने का समय दिया है। इन उपभोक्ताओं पर कुल 8 लाख 64 हजार रुपये बकाया हैं। निर्धारित तिथि तक भुगतान नहीं होने पर संबंधित बिजली कनेक्शन बिना अतिरिक्त नोटिस के अस्थायी रूप से काट दिए जाएंगे।
धर्मशाला
विद्युत उपमंडल सिद्धपुर के सहायक अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं की पहचान कर ली गई है। विद्युत बोर्ड की ओर से बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद इन उपभोक्ताओं ने अब तक बिल जमा नहीं करवाए हैं। इसके बाद उपमंडल ने संबंधित कनेक्शन अस्थायी रूप से काटने की तैयारी पूरी कर आदेश जारी कर दिए हैं। कार्रवाई घरेलू और व्यावसायिक, दोनों श्रेणियों के बकायादार उपभोक्ताओं पर की जाएगी।
विभाग ने सभी संबंधित उपभोक्ताओं से 25 नवंबर तक पूरी बकाया राशि अनिवार्य रूप से जमा करवाने की अपील की है। समय सीमा बीतने के बाद भुगतान लंबित रहने पर किसी अतिरिक्त नोटिस के बिना बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। कनेक्शन कटने के बाद उसे दोबारा बहाल करवाने के लिए उपभोक्ता को पूरी बकाया राशि के साथ 250 रुपये पुनः कनेक्शन शुल्क भी जमा करवाना होगा। विभाग ने अतिरिक्त शुल्क और असुविधा से बचने के लिए समय पर भुगतान करने को कहा है।

