इस साल अक्तूबर माह में शिमला के नारकंडा, हाटू पीक में पहली बार गिरी बर्फ
आज प्रदेश में बारिश, बर्फबारी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में अब बारिश और बर्फ़बारी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को बारिश, बर्फबारी और गर्ज के साथ बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। 18 अक्तूबर तक प्रदेश भर में मौसम खराब बना रहेगा। इसके बाद 19 से 22 अक्तूबर तक धूप खिलने का पूर्वानुमान है।
आज राजधानी शिमला व अन्य भागों में मौसम खराब बना हुआ है। राजधानी शिमला और ऊपरी इलाकों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का अहसास होने लगा है। राजधानी शिमला के नारकंडा, अटल टनल रोहतांग, मढ़ी, पर्यटन नगरी डलहौजी के लक्कड़ मंडी, जोत और कुल्लू के जलोड़ी दर्रे में सीजन का पहला हिमपात हुआ है।
अक्तूबर में शिमला के नारकंडा, हाटू पीक में पहली बार बर्फ गिरी है। बता दें येलो अलर्ट के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में एक फीट तक बर्फबारी रिकॉर्ड हुई है।