ईवीएम में बंद हो गया 412 प्रत्याशियों का भविष्य, 8 को आएंगे नतीजे
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश में शनिवार को 68 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ। हालांकि 5:00 बजे के बाद भी कुछ क्षेत्रों में मतदान की प्रक्रिया सुचारू रही, जो देर रात खत्म हुई। इसके साथ ही अब 412 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में बंद हो गया है। 68 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान के नतीजे 8 दिसंबर को सामने आएंगे।
अब हिमाचल में रिवाज बदलेगा या राज होगा, ऐसे में नेताओं की धुकधुकी बढ़ गई है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में शनिवार को 75 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे ज्यादा मतदान जिला सिरमौर में 79.08 प्रतिशत हुआ। इस चुनावी दंगल में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलिय समेत 412 प्रत्याशियों में यह रोचक जंग हुई। इनमें 388 पुरुष और 24 महिला प्रत्याशी हैं।
प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाताओं में से 28,54,945 पुरुष, 27,37,845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर के नाम मतदाता सूचियों में शामिल रहे। पहली बार हिमाचल में 80 से अधिक उम्र और दिव्यांग वोटरों को अपने घरों से मत डालने की सुविधा दी गई। इसके बावजूद कई बुजुर्गों और दिव्यांगों ने मतदान केंद्रों में पहुंचकर ही वोट डाला।