उड़नदस्ते की टीम ने पिकअप से पकड़ी सिक्कों से भरी 82 बोरियां
HNN/ ऊना
जिला ऊना के कस्बा संतोषगढ़ में फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने एक पिकअप ट्राले से सिक्कों की 82 बोरियां पकड़ी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस के उड़नदस्ते की टीम ने संतोषगढ़ में एक पिकअप ट्राले में सिक्कों से भरीं 82 बोरियां और फटे पुराने नोटों से भरी एक बोरी जब्त की।
जब फ्लाइंग स्क्वायड ने जांच के लिए इस ट्राले को रोका और तिरपाल के नीचे बोरियां देखीं तो चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति से पूछताछ की। इस दौरान वे कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। जब बोरियों की जांच की गई गए तो उनमें लाखों रुपए के सिक्कों की मौजूदगी पाई गई।
उसके बाद ऊना लाने पर बारी-बारी से इन बोरियों को चुनाव आयोग की टीम ने कैमरा रिकाॅर्डिंग के समक्ष खोला और बाद में इन्हें सीज किया गया। लुधियाना निवासी वाहन चालक रवि ने पूछताछ में बताया कि वह यह पैसे धार्मिक स्थल पीरनिगाह से लाया, जिसे लुधियाना में कैश करवाने जा रहा था।
बरामद किए गए 82 बोरियों में कितना कैश है, यह जांच होगी और इसकी जानकारी आयकर विभाग को भी दी जाएगी। इस मामले में गहनता से जांच पड़ताल होगी। एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि 82 बोरियों में भरे सिक्कों और एक बोरी में भरे फटे पुराने नोट जब्त किए हैं।