FIR / नंगल कलां भूमि विवाद में निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग
FIR / ऊना जिले की हरोली तहसील के नंगल कलां में भूमि विवाद को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच, पुलिस में दर्ज एफआईआर की समीक्षा, भूमि की निशानदेही और संबंधित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। आयोग अध्यक्ष ने मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
ज्ञापन में नंगल कलां निवासी मनजीत कौर पत्नी अमरजीत सिंह ने आरोप लगाया कि भूमि विवाद के दौरान उनके खिलाफ जातिसूचक टिप्पणियां की गईं तथा मारपीट और जान से मारने की धमकियां दी गईं। उन्होंने बताया कि विवाद को सुलझाने के लिए पहले पंचायत के समक्ष दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था, लेकिन इसके बाद भी मामले का समाधान नहीं हो पाया।
मनजीत कौर ने पुलिस में दर्ज एफआईआर को गलत बताते हुए उसकी निष्पक्ष समीक्षा करवाने का आग्रह किया। उन्होंने भूमि की निष्पक्ष निशानदेही कराकर विवाद का समाधान करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग अध्यक्ष से शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच करवाकर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात के दौरान आयोग के सदस्य अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा और सदस्य सचिव विश्रुत भारती भी उपस्थित रहे। राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप धीमान ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनी और मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया।

