ऊना से शुरू होगा ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026’, 12 जिलों में होंगी प्रतियोगिताएं
प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को खेलों से जोड़ने के लिए ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान 2026’ शुरू करेगी। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के इस अभियान की शुरुआत ऊना जिले से होगी। इसमें प्रदेश के सभी 12 जिलों और 83 उपमंडलों के 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। पहले चरण में 10 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी और खिलाड़ियों से कोई पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
अतिरिक्त उपायुक्त ईशांत जसवाल ने सोमवार को अभियान की तैयारियों से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि इसका उद्देश्य खेलों को जनभागीदारी का माध्यम बनाकर स्वस्थ, अनुशासित, सशक्त और नशामुक्त युवा पीढ़ी तैयार करना है। पुरुषों और महिलाओं के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार अलग-अलग प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागियों के लिए बाल संरक्षण और अभिभावकों की सहमति से जुड़े निर्धारित प्रावधान लागू रहेंगे।
पहले चरण में शामिल होंगी 10 खेल विधाएं
अभियान के पहले चरण में क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती, फुटबॉल, बास्केटबॉल और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भविष्य में अन्य मान्यता प्राप्त खेल विधाओं को भी अभियान से जोड़ने की संभावना रखी गई है। खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को पहचान और आगे बढ़ने के अवसर देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपमंडल से राज्य स्तर तक होंगे मुकाबले
प्रतियोगिताएं उपमंडल, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। उपमंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी और टीमें जिला स्तरीय मुकाबलों में भाग लेंगी, जबकि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में अवसर मिलेगा। उपमंडल स्तर पर संबंधित एसडीएम समिति के अध्यक्ष होंगे और जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी नोडल अधिकारी एवं सदस्य सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। जिला स्तर पर उपायुक्त अध्यक्ष होंगे, जबकि राज्य स्तर पर युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक संचालन की निगरानी करेंगे।

खेलों के साथ चलेगा नशामुक्ति जागरूकता अभियान
खेल प्रतियोगिताओं के साथ चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित किया जाएगा। अभियान में युवाओं, समुदायों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित कर नशामुक्त हिमाचल के लिए राज्यव्यापी जनभागीदारी विकसित करने की योजना है। सरकार पहले से चिट्टा एवं अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है और यह पहल उसी दिशा में खेलों को जोड़ने का प्रयास है।
निशुल्क पंजीकरण और एथलीट आईडी
खिलाड़ियों का पंजीकरण समर्पित गेम्स मैनेजमेंट सिस्टम यानी जीएमएस के माध्यम से किया जाएगा। पंजीकरण के लिए प्रतिभागियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और प्रत्येक पंजीकृत खिलाड़ी को विशिष्ट ‘खेलो हिमाचल एथलीट आईडी’ जारी की जाएगी। योजना के प्रारूप में खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और संबंधित गतिविधियों के लिए अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं। विजेताओं को नकद पुरस्कारों के साथ पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
विभिन्न स्तरों पर मिलेंगे नकद पुरस्कार
उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी या टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 41 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। जिला स्तर पर प्रथम स्थान के लिए दो लाख रुपये, द्वितीय के लिए डेढ़ लाख रुपये और तृतीय स्थान के लिए एक लाख रुपये निर्धारित हैं। राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले को तीन लाख दस हजार रुपये, जबकि द्वितीय स्थान पर डेढ़ लाख और तृतीय स्थान पर एक लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
कुश्ती और रस्साकशी के राज्य स्तरीय विजेताओं के लिए 1.10 लाख रुपये, पांच लाख रुपये तथा तीन लाख रुपये की विशेष नकद पुरस्कार राशि का भी प्रावधान किया गया है। बैठक में राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोमलाल धीमान, एएसपी ऊना अजय राणा, जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया और स्वास्थ्य विभाग से गोपाल कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
