गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से मजबूत होंगे सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता: राज्यपाल
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर सोलन के सपरून स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में माथा टेका और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समानता, निःस्वार्थ सेवा, विश्व बंधुत्व और सामाजिक सद्भाव का मार्ग दिखाती हैं। राज्यपाल ने लोगों, विशेषकर युवाओं से इन शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
सोलन/सपरून
मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी के तीन मूल सिद्धांत ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ संवेदनशील, समतामूलक और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने सिख गुरुओं के बलिदान तथा स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में सिख समुदाय के योगदान को याद करते हुए कहा कि यह विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने सभी से सेवा और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने की अपील की।

सिख विरासत के संरक्षण की पहलों का उल्लेख
राज्यपाल ने केंद्र सरकार की ओर से सिख विरासत और इतिहास के संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने वर्ष 2019 में करतारपुर साहिब कॉरिडोर के शुभारंभ और 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की पहल को महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ ही गुरु नानक देव जी के 550वें, गुरु गोबिंद सिंह जी के 350वें और गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के राष्ट्रव्यापी आयोजनों का जिक्र किया। उन्होंने हेमकुंड साहिब रोप-वे परियोजना और सेवा भोज योजना को भी उल्लेखनीय पहल बताया।
कविन्द्र गुप्ता ने हिंदू और सिख समुदायों के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंधों को संरक्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने धार्मिक आधार पर विभाजन पैदा करने वाली सोच के प्रति सतर्क रहने और देश की एकता, अखंडता तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया। राज्यपाल ने युवा पीढ़ी से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को आत्मसात करने और विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

