उरनी-चगांव के जंगल में हुआ भीषण अग्निकांड, करोड़ों की वन संपदा जलकर राख
HNN/ किन्नौर
हिमाचल प्रदेश में अग्निकांड की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। अब मामला जिला किन्नौर के रिकांग पिओ में उरनी-चगांव के जंगल का है। यहां जंगल व घासनी में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस अग्निकांड से करोड़ों की वन संपदा जलकर राख हो चुकी है।
हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। जानकारी के मुताबिक, रात को उरनी-चगांव के जंगल व घासनी में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और 100 हेक्टेयर से अधिक भूमि को अपनी चपेट में ले लिया।
फ़िलहाल सुबह से ही आग पर काबू करने की कोशिश की जा रही है। परंतु सफलता हाथ नहीं लग रही है। सड़कें नहीं होने के कारण अग्निशमन वाहन और कर्मचारी भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं।