ऊना के दिल्मा गांव में जल गए मजदूरों के आशियाने
दिहाड़ी दार मजदूरों के पैसे, राशन, कपड़े जलकर हुए राख
HNN/ ऊना
ऊना जिला की दियाडा पंचायत के दिल्मा गांव में सड़क के किनारे रह रहे करीब एक दर्जन से अधिक मजदूरों के आशियाने जलकर खाक हो गए हैं। घटना शाम करीब 4:15 के आसपास की है। मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऊना-अंब रोड़ पर स्थित गांव में रह रहे यह मजदूर आसपास के क्षेत्र में दिहाड़ी मजदूरी किया करते थे।

मजदूर की पत्नी का कहना है कि खाना बनाते समय अचानक आग की चिंगारी घास की बनी छत पर जा गिरी। उसने बताया कि देखते ही देखते एक झोपड़ी के साथ करीब एक दर्जन साथ लगती झोपड़ियां भी जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत प्रधान अर्जुन तथा ऊना के रामदेव कहलाने वाले योग अध्यापक सहित कई लोग मौके पर पहुंच गए थे।
गनीमत यह रही की इस अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूरों का राशन, कपड़े, पैसे यहां तक की सोने के बिस्तर तक भी जल कर राख हो गए हैं।
मजदूर परिवार ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि फिलहाल उन्हें कोई फौरी राहत दी जाए। वहीं पंचायत प्रधान अर्जुन का कहना है कि यह बड़ा दर्दनाक हादसा है। उन्होंने कहा कि गरीब मजदूर परिवारों को मुआवजा दिलाए जाने को लेकर प्रशासन से आग्रह किया जाएगा।