ऊना में एसआईयू की कार्रवाई, पंजाब के युवक से 4.44 ग्राम हेरोइन बरामद

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 5 Mar 2026, 1:33 PM | Updated: 5 Mar 2026, 1:33 PM 1 min read

ऊना में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक से 4.44 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी पंजाब का निवासी बताया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

मैडी मेले के पास पकड़ा गया युवक

जिला ऊना पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेठ के दिशा-निर्देशों पर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मैडी मेला बाबा बडभाग सिंह क्षेत्र में चरणगंगा के पास सड़क किनारे की गई।

पंजाब निवासी युवक से बरामद हुई हेरोइन

पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के एक युवक के कब्जे से 4.44 ग्राम हेरोइन बरामद की। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी की पहचान चरणजीत पुत्र जगतार सिंह निवासी तरनतारण (पंजाब) के रूप में हुई है।

नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी

पुलिस अधीक्षक सचिन हीरामेठ ने बताया कि युवा पीढ़ी नशे के जाल में फंसकर अपना भविष्य दांव पर लगा रही है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे आगे आकर इस सामाजिक बुराई को खत्म करने में सहयोग करें।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और ऊना क्षेत्र में इसका नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा है। मामले को दर्ज कर आगे की जांच के लिए पुलिस थाना अंब की टीम को सौंप दिया गया है।