Loading...

नशे के खिलाफ कार्रवाई: ऊना में करीब 3 करोड़ की संपत्ति जब्त, प्रदेश में करीब दो दर्जन कर्मचारी बर्खास्त

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

ऊना जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। प्रदेश में चिट्टे की सप्लाई में शामिल करीब दो दर्जन सरकारी कर्मचारियों को भी नौकरी से बर्खास्त किया गया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह जानकारी देते हुए कहा कि नशे से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने के साथ इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में शहीद भगत सिंह क्लब सिंगा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 32 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें नशे से बचाने में खेल मजबूत माध्यम बन सकते हैं। गांवों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है और प्रदेश सरकार भी इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।

सिंगा के खेल मैदान पर खर्च होंगे 1.25 करोड़ रुपये

उप मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट के प्रथम पुरस्कार के लिए अपनी ओर से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के भीतर सिंगा का खेल मैदान तैयार कर दिया जाएगा और इसके निर्माण पर 1.25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों के प्रति अपनी रुचि बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही आयोजन के लिए शहीद भगत सिंह क्लब के पदाधिकारियों को बधाई दी।

नशा कारोबारियों की पहचान में सहयोग करें पंचायतें

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेशभर में नशे, विशेषकर चिट्टे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पंचायतों से अपने गांवों में नशे के कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर जानकारी देने का आग्रह किया गया है। उन्होंने चिट्टे को खतरनाक केमिकल ड्रग बताते हुए कहा कि यह युवाओं का जीवन बर्बाद कर रहा है। इसके खिलाफ कार्रवाई के साथ बच्चों और युवाओं को जागरूक भी किया जा रहा है। नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी जारी है।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इस इलाके में नशे की चुनौती अधिक है। इस मुहिम को प्रभावी बनाने के लिए यूथ क्लबों, पंचायतों, महिला मंडलों और गांवों के बुद्धिजीवी लोगों को एकजुट होकर आगे आना होगा। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव शाम चड्ढा, ग्राम पंचायत सिंगा के प्रधान डॉ. अशोक कुमार, पंचायत समिति सदस्य सुनीता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: •