ऊना में कार और पशुओं का चारा जलकर राख, लाखों का नुकसान
HNN/ ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अंब के तहत हंबोली में अग्निकांड की घटना पेश आई है। जहां एक कार और पशुओं का चारा जलकर राख हो गया है। अग्निशमन विभाग की टीम ने इस घटना में करीब 5 लाख रुपए का नुकसान आंका है।
जानकारी के मुताबिक, कार मालिक पुष्पेन्द्र सिंह पुत्र हरचरण सिंह ने गाड़ी स्टार्ट की और वहां से लेकर निकलने लगा, लेकिन अचानक कार (एचपी 19ई-7710) में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। इस दौरान कार चालक तुरंत बाहर निकल आया लेकिन उसका मोबाइल गाड़ी में ही रह गया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। बता दें कार गांव में स्थित एक पशुशाला के पास पार्क थी। आग की इस घटना में जगजीत सिंह की करीब 20 क्विंटल तूड़ी (पशुचारा) जलकर नष्ट हुई है। दमकल केंद्र अंब के प्रभारी राकेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है।