Loading...

ऊना में नशा विरोधी अभियान के बीच मैहतपुर पुलिस की कार्रवाई, कार से चिट्टा बरामद, तीन युवक गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

ऊना जिले में चल रहे नशा विरोधी अभियान के दौरान मैहतपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात के समय वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार से चिट्टा बरामद किया गया। इस कार्रवाई में तीन युवकों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ऊना

चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार से हुआ खुलासा

नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान के तहत मैहतपुर पुलिस रविवार रात जखेड़ा रोड स्थित वाटर सप्लाई स्कीम के पास वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को रुकने का संकेत दिया, जिसमें सवार युवक पुलिस को देखकर घबराए हुए नजर आए। उनकी गतिविधियों ने पुलिस का संदेह और गहरा कर दिया, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई।

6.30 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

तलाशी के दौरान कार के भीतर से 6.30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार में सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक (टक्का), राहुल और महेश (कोटलां खुर्द) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी सुनिश्चित की है।

एसपी ने दोहराई सख्त कार्रवाई की नीति

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस आने वाले समय में अपनी कार्रवाई को और तेज करेगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता को लेकर लोगों में भरोसा और मजबूत हुआ है।