Loading...

राष्ट्रीय स्कूली खेलों के लिए कोटड़ी व्यास स्कूल के छह खिलाड़ियों का चयन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी व्यास के छह खिलाड़ियों का 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए चयन हुआ है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत नई दिल्ली में होने वाली इस प्रतियोगिता में विद्यालय की चार छात्राएं और दो छात्र अंडर-19 वर्ग में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी है।

कोटड़ी व्यास

राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नई दिल्ली में आयोजित होगी। हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली छात्राओं में अंश्वी, श्वेता, दीपिका और स्नेहा शामिल हैं, जबकि छात्रों में ध्रुव और आर्यन का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में दीपिका और आर्यन ऊपरी कोटड़ी तथा स्नेहा और ध्रुव चांदपुर से हैं। छात्राओं के चयन पर उनके अभिभावकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, नियमित अभ्यास और कोच धर्मेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय के स्टाफ, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मान सिंह, पंचायत प्रतिनिधियों, एसएमसी सदस्यों, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं हिल व्यू पब्लिक स्कूल माजरा के शिक्षा निदेशक अजय शर्मा और क्षेत्रवासियों ने चयनित खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा कोच को बधाई दी है।

Related Topics: •