ऊना में बिजली विभाग की लापरवाही, हरे-भरे पेड़ों से लपेटी गई थ्रीफेस तारें
HNN/ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट उपमंडल में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। विभाग ने घनारी में हरे-भरे पेड़ों से थ्रीफेस तारें लपेट दी हैं, जिससे किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है। यह विभाग की लापरवाही और पर्यावरण संरक्षण के दावों को ठेंगा दिखाने का मामला है।
बिजली विभाग समय-समय पर बिजली सप्लाई के कट लगाकर लाइनों के आसपास पेड़ों की टहनियों को साफ करने के लिए अभियान चलाता रहता है, लेकिन यहां तो विभाग ने पेड़ों को ही तारों से लपेट दिया है। इससे न केवल पेड़ों को खतरा है, बल्कि लोगों की जान भी जोखिम में है। वन विभाग के बीओ भरवाईं किशोरी लाल ने कहा कि पेड़ों के साथ तारें लपेटना नियमों के विरुद्ध है और शीघ्र ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की इस लापरवाही के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पहले से बांधी तारों को पेड़ों से खोलने की बजाय अगली तारों को भी पेड़ों से लपेट दिया गया है। इससे विभाग की उदासीनता और लापरवाही स्पष्ट होती है। लोगों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए विभाग को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।