देश ने बार-बार नकारा, अब भारत को बांग्लादेश बनाने की बात करने वालों की संगत में कांग्रेस के युवराज : बांसुरी स्वराज
2402 किलोमीटर की समरसता संकल्प यात्रा का नाहन में भव्य स्वागत, दो करोड़ युवाओं तक पहुंचेगा संत रविदास का संदेश; सुषमा स्वराज की यादों से भावुक हुआ दीपकमल
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
रैदास जन्म के कारणै, होत न कोउ नीच। नर कूं नीच करि डारि है, ओछे करम की कीच।” संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की इस अमर वाणी के साथ भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय नेता बांसुरी स्वराज ने नाहन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।

उन्होंने कहा कि देश में एक ऐसा राजनीतिक वर्ग है, जो हाथों में संविधान की प्रति तो लहराता है, लेकिन उसे खोलकर पढ़ने की जहमत तक नहीं उठाता। संत रविदास ने समाज को जोड़ने का संदेश दिया, जबकि कांग्रेस के युवराज राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश को जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटने में लगे हैं।
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में काशी से निकली सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा के सोमवार को नाहन पहुंचने पर जिला भाजपा कार्यालय दीपकमल में भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बांसुरी स्वराज ने कहा, “मैं इस मंच से राजनीतिक बयान देने नहीं आई हूं, लेकिन देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटकर वास्तविकता को अनदेखा भी नहीं कर सकती।

उन्होंने राहुल गांधी को गांधी परिवार का राजकुमार बताते हुए तंज कसा कि देश की जनता द्वारा बार-बार नकारे जाने के बावजूद कांग्रेस के युवराज जनादेश से सबक लेने को तैयार नहीं हैं। अब उन्होंने ऐसे लोगों की संगत कर ली है, जो भारत को बांग्लादेश बनाने जैसी बातें करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए कभी धर्म, कभी भाषा तो कभी क्षेत्र के नाम पर देश को बांटने की कोशिश की जा रही है। अब ‘रिजीम चेंज’ अर्थात सत्ता परिवर्तन की बातें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की किताब लहराने से नहीं, बल्कि उसमें निहित समानता और भाईचारे के सिद्धांतों को अपनाने से लोकतंत्र मजबूत होता है।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि 2402 किलोमीटर का सफर तय करने वाली सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा दो करोड़ युवाओं को संत रविदास जी के विचारों से परिचित कराएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह समझाना जरूरी है कि मनुष्य की पहचान उसके जन्म या जाति से नहीं, बल्कि कर्म, चरित्र और राष्ट्र के प्रति समर्पण से होती है। ऐसी दूरदर्शी सोच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही साकार हो रही है, जो युवाओं को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठाकर राष्ट्र निर्माण की शक्ति बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब युवा कर्म की प्रधानता को समझेंगे और देशहित को सर्वोपरि रखेंगे, तभी संत रविदास जी के समरस भारत का सपना साकार होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों, दलितों, वंचितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। संत रविदास जी का संदेश किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए है।

कार्यक्रम में उस समय भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला, जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पूर्व विदेश मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज के साथ पार्टी संगठन में किए गए कार्यों और हिमाचल से उनके गहरे जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि सुषमा स्वराज का हिमाचल के प्रति विशेष स्नेह रहा और चुनावी कार्यक्रमों के दौरान उनका प्रदेश में लगातार आना-जाना होता था। आज उनकी बेटी बांसुरी स्वराज को उसी आत्मीयता के साथ हिमाचल की धरती पर देखकर पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने संत रविदास जी के सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

बांसुरी स्वराज ने भी हिमाचल से अपने पारिवारिक रिश्तों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पिता का संबंध सोलन जिले से रहा है। इसलिए हिमाचल उनके लिए कोई पराया प्रदेश नहीं, बल्कि अपना घर है। उन्होंने नाहन में मिले स्नेह और भव्य स्वागत के लिए डॉ. राजीव बिंदल तथा भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान और उनकी टीम के संगठनात्मक प्रयासों की विशेष सराहना की। वहीं, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश राम ने कहा कि यह यात्रा सामाजिक भेदभाव मिटाकर समानता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने वाला अभियान है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश राम, सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान मलकीत सिंह मंडल अध्यक्ष जिला परिषद सदस्य भगवान दास जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग आदिसहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

