Loading...

ऊना में हादसे का शिकार हुई कार, चालक की मौत

By PARUL Published: 6 Apr 2024, 4:05 PM | Updated: 6 Apr 2024, 4:05 PM 1 min read

HNN/ऊना

जिला ऊना के समूर खुर्द में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार के हादसे का शिकार हो गई। हादसे में चालक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान अंकित ठाकुर पुत्र राकेश कुमार निवासी डरोह तहसील बंगाणा जिला ऊना के रूप में हुई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समूर खुर्द के रहने वाले रक्षित ठाकुर पुत्र शमशेर सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात वह अपने घर में पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान उसे ऊना-हमीरपुर हाईवे से लगातार हॉर्न बजाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह सड़क पर गया तो वहां एक गाड़ी सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी थी और उसमें एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा था।

तभी कुछ देर बाद एक दंपत्ति वहां आया और उसने घायल युवक की पहचान अंकित ठाकुर के रूप में की। जिसके बाद वह उसे एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां डॉकटर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एएसपी संजीव कुमार भाटिया ने मामले की पुष्टि की है।