ऊना में 11 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ऊना
जिला ऊना के अंतर्गत आने वाले रामपुर गांव में एक 11 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बच्ची ने साड़ी की चुनरी से फंदा लगाया है, जिससे उसकी मौत हुई है। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने परिवार के साथ रामपुर में स्थित जुग्गी-झोंपडी में रह रही थी। इस दौरान शनिवार को बच्ची के माता-पिता काम पर गए हुए थे। शाम के समय माता-पिता जब काम से लौटे तो बच्ची जुग्गी के बाहर चारपाई पर मृत अवस्था में पाई गई।
जिसके बाद बच्ची के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही साथ लगती खड्ड में उसका शव दफना दिया। अगले दिन रविवार को जब पुलिस को मामले की खबर हुई तो पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भिजवाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्ची की मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।