ऊना से इंदौर के लिए इस दिन से शुरू होगी एक्सप्रेस सेवा, समयसारिणी जारी
HNN/ऊना
हिमाचल प्रदेश को मध्य प्रदेश से जोड़ने के लिए ऊना-इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन 15 मार्च को ऊना रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। सप्ताह में दो बार चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन 14 मार्च को इंदौर से ऊना के लिए चलेगी। जबकि अगले दिन शुक्रवार को ऊना स्टेशन से इंदौर स्टेशन के लिए रफ्तार भरेगी, जोकि करीब 25 घंटे के सफर के बाद यात्रियों को आखिरी स्टेशन पर पहुंचाएगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से मथुरा जाने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। ऐसे में नांदेड के बाद यह दूसरी ट्रेन होगी, जोकि सीधा ही मथुरा स्टेशन तक जाएगी। बता दें कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से मार्च माह में ही रेल यात्रियों के लिए दूसरी बड़ी सौगात दी जा रही है।
सोमवार को जहां हरिद्वार के लिए सीधी मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाई तो अब ऊना से इंदौर के लिए आवागमन करने वाली ट्रेन की तिथि के साथ-साथ समयसारिणी जारी कर दी है। एक्सप्रेस ट्रेन 14 मार्च को सुबह 5 बजकर 30 मिनट पर ऊना के लिए रवाना होगी।
ट्रेन उज्जैन, शिवपुरी, गवालियर, आगरा, मथुरा, फरीदाबाद, निजामुदीन, सहारनपुर, अंबाला, चंडीगढ़, मोहाली, मोरिंडा, रोपड़, आनंदपुर साहिब व नंगल डैम होते हुए अगले दिन की सुबह 8 बजकर 35 मिनट पर ऊना हिमाचल रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
वहीं ऊना से पहले दिन यह ट्रेन 15 मार्च शुक्रवार को दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर इंदौर के लिए रवाना होगी, जोकि शाम साढ़े 4 बजे चंडीगढ़ और अगले दिन दोपहर 3 बजकर 5 मिनट पर इंदौर पहुंचेगी।
इस ट्रेन को ऊना से इंदौर पहुंचने पर 25 घंटे का समय लगेगा। जबकि वापसी में इस ट्रेन को पहुंचने पर 27 घंटे लगेंगे। रेलवे बोर्ड अंबाला डिविजन के पीआरओ क्षितिज शर्मा ने बताया कि ऊना से इंदौर एक्सप्रेस ट्रेन 15 मार्च को चलेगी।