Loading...

ऊना / 29 मार्च को चुरुड़ू में लगेगा आयुष ग्राम मेला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 27 Mar 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

29 मार्च को चुरुड़ू में आयुष विभाग द्वारा आयुष ग्राम मेला और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। इस मेले में लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच, परामर्श और आयुर्वेदिक उपचार से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

ऊना

आयुष विभाग जिला ऊना द्वारा 29 मार्च 2026 को उपमंडल अंब के चुरुड़ू में आयुष ग्राम मेला एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी कार्यकारी जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने दी।उन्होंने बताया कि मेले का उद्देश्य आम जनता को आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि मेले के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच की जाएगी तथा लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण, योग व प्राणायाम का प्रदर्शन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आयुष से संबंधित विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें पंचकर्म, क्षारसूत्र, अग्निकर्म और जलौकावचारण जैसी आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों के बारे में आम लोगों को जानकारी दी जाएगी।

मेले में स्थानीय जनता के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।कार्यकारी जिला आयुर्वेद अधिकारी ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।