Loading...

बीहड़ू में 2.47 करोड़ का नया उपतहसील भवन शुरू, राजस्व सेवाएं होंगी सुगम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 58 Mins Ago • 1 Min Read

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बीहड़ू में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बने उपतहसील कार्यालय भवन का मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि नए भवन से क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्र की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि बंगाणा क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड से पानी उठाने की अनुमति मिलना महत्वपूर्ण कदम है। करीब 15 करोड़ रुपये की तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य जारी है और इसे दिसंबर तक पूरा कर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। मंदली क्षेत्र में करीब 46 करोड़ रुपये और लठियाणी क्षेत्र में लगभग 36 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

पंचायतों में जिम, पार्क और स्टडी रूम की योजना

विवेक शर्मा ने कहा कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रत्येक पंचायत में जिम और पार्क विकसित करने के साथ गलियों में सोलर लाइटें लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है। पंचायत घरों में इंटरनेट सुविधा से युक्त रीडिंग कम स्टडी रूम बनाने की योजना भी है, ताकि युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिल सके। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा से जुड़े मामलों में यथासंभव मदद का भरोसा भी दिया।

पर्यटन और औद्योगिक विकास पर जोर

विधायक ने कहा कि गोविंद सागर झील और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। अंद्रौली में प्रवेश द्वार बनाया गया है और मंदिर तक जाने वाले रास्ते को बेहतर किया गया है। वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है। कुटलैहड़ में औद्योगिक विकास के लिए करीब 300 कनाल भूमि चिह्नित की गई है और लगभग 20 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं।

बिजली और पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास

विवेक शर्मा के अनुसार पिछले दो वर्षों में कुटलैहड़ क्षेत्र में 75 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं और विद्युत बोर्ड को करीब 40 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। कम वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए आवश्यकता के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने पर भी काम किया जाएगा। पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए क्षेत्र में 200 से अधिक मोटरें लगाई गई हैं। इसके साथ डीएसपी कार्यालय खोलने तथा स्कूलों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों में जरूरी स्टाफ उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

पटवार सर्कल बहाली और नकल शाखा की मांग

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में डी-नोटिफाई किए गए पटवार सर्कल को बहाल करवाने के प्रयास किए जाएंगे। बंगाणा क्षेत्र में नकल शाखा खोलने का आग्रह मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया है, जिस पर सकारात्मक सहमति मिली है। इससे लोगों को राजस्व अभिलेखों की प्रतियां लेने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाने का विषय सरकार के समक्ष उठाने की बात भी कही। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया।