Loading...

बिहडु को मिला 2.47 करोड़ रुपये का उप-तहसील कार्यालय भवन, राजस्व कार्यों में होगी सुविधा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 48 Mins Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र स्थित बिहडु में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बने उप-तहसील कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन से स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने भवन निर्माण में स्थानीय विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

मुख्यमंत्री ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि मटियाणा-बंगाणा के बीच पुल के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 15 करोड़ रुपये की लागत से तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विभिन्न परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार सहायता उपलब्ध करवा रही है।

सड़क परियोजनाओं के लिए भी धन स्वीकृत

क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लठियाणी-कोडरा सड़क के लिए 8.36 करोड़ रुपये और बंगाणा-शांतला सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 12 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही हटली-तलपी सड़क के निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को गति देने के प्रयास जारी हैं।

स्थानीय विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्र को मिली विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, महाधिवक्ता अनूप रतन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Topics: •