Loading...

बीहडू में 2.47 करोड़ का उप-तहसील कार्यालय शुरू, राजस्व कार्यों में मिलेगी सुविधा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 56 Mins Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बीहडू में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उप-तहसील कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए भवन से स्थानीय लोगों को राजस्व संबंधी कार्य करवाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने भवन का निर्माण पूरा होने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी और इसके लिए स्थानीय विधायक विवेक शर्मा के निरंतर प्रयासों का भी उल्लेख किया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

मुख्यमंत्री ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि मटियाणा-बंगाणा के बीच पुल निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 15 करोड़ रुपये की लागत से तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध करवा रही है।

सड़कों के लिए भी स्वीकृत की गई राशि

क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना मजबूत करने के लिए लठियाणी-कोडरा सड़क पर 8.36 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बंगाणा-शांतला सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 12 करोड़ रुपये और हटली-तलपी सड़क के निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

स्थानीय विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्र को विकास योजनाएं देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, महाधिवक्ता अनूप रतन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Topics: •