एक्सप्रेस ट्रेन में चली गोली, आरपीएसएफ जवान की मौत, एक यात्री जख्मी
छत्तीसगढ़ के रायपुर रेलवे स्टेशन में फायरिंग से एक आरपीएसएफ जवान की मौत हो गई है। वहीं इस घटना में ट्रेन में सवार एक यात्री घायल हो गया है, जिसे रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल यात्री की पहचान मोहम्मद दानिश के रूप में हुई है। वहीं मृतक जवान दिनेश चंद्र (30) राजस्थान का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, एक उपनिरीक्षक के नेतृत्व में आरपीएसएफ की एक टीम एस्कॉर्ट ड्यूटी के बाद सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन से उतर रही थी।
इस दौरान जब कांस्टेबल दिनेश चंद्र ट्रेन के एस-2 कोच से बाहर निकल रहे थे, तो उनका सर्विस हथियार गलती से डिस्चार्ज हो गया और एक गोली उनकी छाती में लग गई।
वहीं यात्री ऊपर वाले बर्थ पर सो रहा था, उसके पेट में भी चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जवान की मौत हो गई।