Loading...

“एक पौधा आज, सुरक्षित भविष्य कल”—पर्यावरण बचाने के लिए हर नागरिक आगे आए :अलका जवनेजा

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

इनर व्हील क्लब नाहन क्लासिक, रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स एवं भारतीय सेना के संयुक्त तत्वावधान में आर्मी क्षेत्र में चला हरित अभियान

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में इनर व्हील क्लब नाहन क्लासिक ने भारतीय सेना एवं रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स के सहयोग से आर्मी क्षेत्र में संयुक्त पौधरोपण अभियान आयोजित किया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार, औषधीय एवं पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पौधे रोपित किए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में तेजपात, पदम, चंपा, अकेशिया, रामबांस, चंदन, गुलबहार, जरुल, विलो, अमलतास तथा देवदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित न रहकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर इनर व्हील क्लब नाहन क्लासिक की सचिव अलका जवनेजा ने कहा कि, “धरती को हरा-भरा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक जरूरी उसकी देखभाल करना है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर भविष्य मिल सकता है।

आइए, पर्यावरण संरक्षण को अभियान नहीं, बल्कि अपनी जीवनशैली बनाएं।”उन्होंने लोगों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।

अभियान में प्रगति सबलोक सहित क्लब की अन्य सदस्याओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में इनर व्हील क्लब नाहन क्लासिक ने भारतीय सेना एवं रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संयुक्त प्रयास समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

क्लब ने बताया कि भविष्य में भी समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

हिमाचल नाऊ न्यूज़ (एचएनएन)नाहन से शैलेश सैनी की रिपोर्ट

Related Topics: