रामलीला मैदान के जनसैलाब ने दिया सत्ता परिवर्तन का संकेत, वोट चोरी के सवालों पर घिरी केंद्र सरकार
राहुल गांधी के नेतृत्व में एकजुट हो रहा विपक्ष, भाजपा को जनता के सवालों का जवाब देना होगा : दिनेश आर्य
हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़
दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली में उमड़ी भारी भीड़ ने भाजपा की राजनीतिक बेचैनी बढ़ा दी है। देशभर से पहुंचे हजारों लोगों का जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि केंद्र सरकार के खिलाफ जनता का असंतोष लगातार बढ़ रहा है और अब सत्ता परिवर्तन की आहट सुनाई देने लगी है। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के स्टेट पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर दिनेश आर्य ने जारी बयान में कही।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी और मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर उठ रहे गंभीर सवालों का भाजपा के पास कोई संतोषजनक जवाब नहीं है। लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण है, लेकिन जब करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूचियों से गायब होने के दावे सामने आ रहे हों तो सरकार की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
आर्य ने कहा कि राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लगातार उठाकर देश का ध्यान आकर्षित किया है। अब इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल एकजुट होकर केंद्र सरकार को घेर रहे हैं। रामलीला मैदान की रैली ने स्पष्ट कर दिया है कि विपक्ष अब बिखरा हुआ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई के लिए एक मंच पर खड़ा है
।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली में भाग लेकर अपनी ताकत दिखाई है। भाजपा को विपक्ष की आवाज को नजरअंदाज करने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। आर्य ने दावा किया कि आने वाला समय कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का होगा तथा भाजपा को जनता के आक्रोश का राजनीतिक जवाब भुगतना पड़ेगा।