Loading...

एक मंच पर आया एचआरटीसी का सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच और संगठन

Ankita • 10 Aug 2024 • 1 Min Read

नाहन में आयोजित बैठक में एकजुट होकर कर्मियों की मांगें उठाने पर बनी रणनीति 

HNN/ नाहन

जिला मुख्यालय नाहन में शनिवार को हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच और हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कल्याण संगठन एक मंच पर आ गया। इस दौरान इन दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जायज मांगों और उनके हितों को एकजुट होकर सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया।  

बता दें कि सेवानिवृत्त कर्मचारी नेताओं की ओर से मंच और संगठन बनाकर अपनी मांगों को अलग-अलग तरीके से सरकार तक पहुंचा रहे थे. इस पर दोनों संगठनों के नेताओं ने एकजुट होने का निर्णय लिया। इसे लेकर नाहन में शनिवार को दोनों संगठनों की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें 42 सदस्यों ने हिस्सा लिया।

इस मासिक बैठक की अध्यक्षता हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के अध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर ने की। जबकि, संचालन महासचिव हरशरण शर्मा ने किया। इस बैठक में हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कल्याण संगठन के अध्यक्ष दलगंजन ठाकुर ने अपने समस्त सदस्यों समेत हिस्सा लिया। इस दौरान फैसला लिया गया कि नाहन क्षेत्र के ये दोनों संगठन मिलकर एक मंच से अपनी मांगों को सरकार के समक्ष उठाएंगे।

बैठक में ये भी कहा गया कि राज्यस्तरीय दोनों कार्यकारिणी भी संगठित होकर सेवानृवित्त कर्मियों की मांगों को सरकार के समक्ष उठाएं। ताकि, पेंशनरों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सके। इस मौके पर डीए का एरियर, मेडिकल बिलों के भुगतान, स्कैल एरियर और 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी कर चुके कर्मियों के क्रमशः 5, 10 और 15 फीसदी किश्तों के भुगतान संबंधी मांगों को भी प्रमुखता से उठाया गया और सरकार से मांग की कि जल्द कर्मियों के लंबित भुगतान की अदायगी की जाए।

इस मौके पर बृजभूषण, बलबीर सिंह, राजेश, यशवंत, श्यामलाल, अत्तर सिंह, अमन कुमार, तरलोक सिंह, अशरफ अली, लायकराम, अनिल कुमार, नैन सिंह, राजेश, प्रेमचंद, भरत सिंह, रामनाथ, बालकराम, सीताराम, बुध सिंह, मोहम्मद अलियास, मोहिंद्र, सोमदत्त, किशनचंद, बीना धवन, शशिबाला, राधा देवी, निशा तोमर, गोरखूराम, जसवंत सिंह, गुरूदत्त, कन्हैयालाल, गुलाब सिंह, रामनाथ, बालकराम, गीताराम, किशन, रजाला, जयकिशन धिमान, सुरेश कुमार, मामचंद और चांदबीबी आदि मौजूद रहे।