एक लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी निकली झूठी, युवाओं के भविष्य से कांग्रेस ने किया भद्दा मजाक : डॉ. बिंदल
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में गुरुवार को जिला सिरमौर के सैकड़ों युवाओं ने बेरोजगारी, लंबित भर्तियों और कांग्रेस की चुनावी गारंटियों के खिलाफ नाहन में जोरदार प्रदर्शन किया। युवाओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोजगार के वादे पूरे करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर युवाओं को ठगने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा।डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस ने हिमाचल के बेरोजगार युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आने के करीब चार वर्ष बाद भी यह गारंटी धरातल पर दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने युवाओं को पक्की, नियमित और पेंशन वाली सरकारी नौकरी का सपना दिखाया था, जबकि आज युवा भर्ती परीक्षाओं और नियुक्तियों के इंतजार में परेशान हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कांग्रेस नेताओं ने चुनाव के दौरान रोजगार को लेकर बड़े-बड़े दावे किए थे।
कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी ने भी हिमाचल की चुनावी सभाओं में रोजगार को प्रमुख मुद्दा बनाया था। अब प्रदेश का युवा सरकार से सीधा सवाल पूछ रहा है कि वह एक लाख सरकारी नौकरियां आखिर कहां हैं।डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश के सरकारी विभागों में हजारों पद खाली पड़े हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया लगातार प्रभावित हो रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों से जुटे युवा लाइब्रेरियों और कोचिंग संस्थानों में दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, मगर भर्तियों की अनिश्चितता ने उनके भविष्य को संकट में डाल दिया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने रोजगार के नाम पर हिमाचल के बेरोजगार युवाओं के साथ ऐसा भद्दा मजाक किया है, जिसे प्रदेश का युवा कभी नहीं भूलेगा।
सत्ता हासिल करने के लिए वादे करना और सत्ता में आने के बाद उन्हीं वादों से पीछे हटना युवाओं के साथ राजनीतिक विश्वासघात है।
