एक साल के लिए निष्कासित किए एनआईटी से बीटेक के तीन विद्यार्थी
HNN/ हमीरपुर
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में आधी रात को हुए मारपीट के मामले में संस्थान ने तीन विद्यार्थियों को एक साल के लिए संस्थान से निष्कासित कर दिया है।
बता दें संस्थान ने बोर्ड ऑफ गवर्नर (बीओजी) और अनुशासनात्मक कमेटी की रिपोर्ट के बाद इन छात्रों के खिलाफ यह कार्यवाही की है।
इसके अलावा संस्थान ने 30 अन्य आरोपी छात्रों का एक-एक सेमेस्टर और अनुपूरक परीक्षा में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाया है। बता दें चार विद्यार्थियों को हॉस्टल से निष्कासित किया गया है।
जिन विद्यार्थियों को हॉस्टल से निकाला गया है, अगर वे किसी कारणवश हॉस्टल में पाए जाते हैं तो 25 हजार अतिरिक्त जुर्माना वसूला जाएगा। चार विद्यार्थियों को केवल जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया है।
सभी आरोपी 33 विद्यार्थियों के अभिभावकों को संस्थान ने 24 अप्रैल को संस्थान में तलब किया है। बता दें अभिभावकों के न आने पर इन विद्यार्थियों का संस्थान से पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा।
यह है पूरा मामला
गौरतलब है कि 25 मार्च की रात को एनआईटी हमीरपुर में बीटेक प्रथम और द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के बीच खूनी झड़प हुई थी। विद्यार्थी एक-दूसरे पर ईंट, पत्थर, लोहे की रॉड और डंडे से हमला करते पाए गए थे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी पहुंची, लेकिन संस्थान की ओर से और पीड़ित विद्यार्थियों की तरफ से पुलिस में मामला दर्ज नहीं करवाया गया। विस सत्र होने के चलते सरकार ने भी प्रशासन से इस बारे में रिपोर्ट मांगी थी।