Loading...

एचआरटीसी इस दिन से शुरू करेगा ‘प्रथम दर्शन सेवा’, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा….

Ankita • 17 Oct 2023 • 1 Min Read

बस में ”पहले आओ पहले पाओ” की तर्ज पर उपलब्ध होंगी सीटें

HNN/ ऊना

एचआरटीसी धार्मिक पर्यटन सर्किट बस सेवा योजना के तहत 21 अक्तूबर से पहली प्रथम दर्शन सेवा शुरू करने जा रहा है। इस योजना के तहत श्रद्धालु 400 रुपये खर्च कर प्रदेश के विख्यात शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी जी और श्री ज्वालामुखी जी के दर्शन कर पाएंगे।

श्रद्धालु एचआरटीसी की वेबसाइट पर ऑनलाइन और टिकट काउंटर पर बुकिंग कर सकते हैं। अगर श्रद्धालु पूरी बस की बुकिंग करते हैं तो 10 फीसदी छूट भी दी जाएगी। ”पहले आओ पहले पाओ” की तर्ज पर सीटें उपलब्ध होंगी।

रास्ते में खाने के लिए बसें एचआरटीसी के चिन्हित ढाबों या पर्यटन विकास निगम के रेस्टोरेंट्स पर रुकेगी। श्री चिंतपूर्णी जी में सुगम दर्शन के लिए प्रति श्रद्धालु 220 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे।

यह है समय सारिणी……..
निगम की 3 बाई 2 हिमधारा एसी बस सुबह 8 बजे धर्मशाला से रवाना होगी। 10:30 बजे बस श्री चिंतपूर्णी जी पहुंचेगी। श्रद्धालुओं को दर्शन करवाने के बाद दोपहर 12:30 बजे बस श्री चिंतपूर्णी जी से श्री ज्वालामुखी जी के लिए रवाना होगी। 2:00 बजे बस ज्वालामुखी जी पहुंचेगी। यहां दर्शन के बाद शाम 4:00 बजे बस धर्मशाला रवाना होगी और 5:30 बजे धर्मशाला पहुंचेगी।