Loading...

महिला हिंसा और भेदभाव के खिलाफ हिमाचल में उठेगी आवाज, निकलेगा सामाजिक न्याय जत्था

Shailesh Saini • 36 Mins Ago • 1 Min Read

25 नवंबर को कुल्लू से होगा आगाज, संविधान दिवस पर शिमला में अभियान; 30 जनवरी तक प्रदेशभर में चलेगी मुहिम

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला

महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा, सामाजिक भेदभाव और लैंगिक असमानता के विरोध में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। समिति के बैनर तले 25 नवंबर 2026 से 30 जनवरी 2027 तक सामाजिक न्याय जत्थे का आयोजन किया जाएगा।

इसके माध्यम से महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक न्याय के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्ष रंजना जरेट और राज्य सचिव फालमा चौहान ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर 25 नवंबर को कुल्लू से इस अभियान का शुभारंभ होगा।

वहीं, 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर शिमला में अभियान की शुरुआत की जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों में अलग-अलग तिथियों पर सामाजिक न्याय जत्थे का आयोजन होगा।

समिति ने कहा कि भारतीय संविधान महिलाओं को समानता, गरिमापूर्ण जीवन, शोषण के विरुद्ध संरक्षण और रोजगार में समान अवसर का अधिकार प्रदान करता है। समान कार्य के लिए समान वेतन, पंचायती राज एवं शहरी निकायों में महिलाओं का आरक्षण तथा कामकाजी महिलाओं के लिए मातृत्व संबंधी संरक्षण सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण प्रावधान हैं।

समिति की पदाधिकारियों ने कहा कि मनुस्मृति भारतीय संविधान का विकल्प नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि मनुवादी और पितृसत्तात्मक विचारधारा महिलाओं की स्वतंत्रता और समानता के अधिकारों में बाधक है।

सामाजिक न्याय जत्थे के माध्यम से ऐसी विचारधाराओं के खिलाफ जनजागरण किया जाएगा।समिति ने उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड, हाथरस, कठुआ, उन्नाव और बिलकिस बानो प्रकरण सहित देश में महिलाओं के खिलाफ हुए गंभीर अपराधों का उल्लेख करते हुए न्यायिक प्रक्रिया और दोषियों को मिलने वाली राहत पर भी सवाल उठाए।

समिति ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में राजनीतिक प्रभाव से परे निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।

रंजना जरेट और फालमा चौहान ने हिमाचल प्रदेश में भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और घरेलू उत्पीड़न के मामलों में वृद्धि हुई है।

समिति ने कहा कि महिलाओं के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन और पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय दिलाना भी जरूरी है। सामाजिक न्याय जत्थे के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ हिंसा, शोषण और भेदभाव के खिलाफ व्यापक जनमत तैयार किया जाएगा।