NDPS / हिमाचल में 92 करोड़ की संपत्ति जब्त, नशे के मामलों में 51 कर्मचारी बर्खास्त
NDPS / हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पिछले चार वर्षों में 7,950 मामले दर्ज कर 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में नशे की कमाई से अर्जित करीब 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं। नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्तता पर 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें 21 पुलिस कर्मियों सहित 51 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है।
हिमाचल प्रदेश
प्रदेश सरकार के अनुसार, नशा तस्करी के खिलाफ पिछले चार वर्षों में हुई कार्रवाई के दौरान 1,384 किलोग्राम चरस, 59 किलोग्राम चिट्टा और बड़ी मात्रा में अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स को कार्रवाई छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नशे के कारोबार के मुख्य सरगनाओं, उनके सहयोगियों, वित्तीय स्रोतों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की पहचान कर पूरे तंत्र के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई
नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करने के लिए पिछले साढ़े तीन वर्षों में करीब 92 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां जब्त की गई हैं। प्रदेश में पहली बार नशे की कमाई से अर्जित 48 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति सरकार के नाम स्थानांतरित की गई है। एनडीपीएस मामलों के आरोपियों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माणों से जुड़ी 86 संपत्तियों की पहचान भी हुई है। इनमें से 22 संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण और बेदखली की कार्रवाई पूरी की जा चुकी है।
शेष संपत्तियों से संबंधित मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने के लिए विशेष राजस्व अधिकारी नामित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस को तस्करों के सहयोगियों और उनके वित्तीय स्रोतों का पता लगाकर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की बरामदगी या आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा कारोबार से खड़े किए गए आर्थिक और संगठित नेटवर्क को समाप्त करना भी है।
168 कर्मचारियों पर मामले, विभागीय कार्रवाई जारी
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, नशे से संबंधित गतिविधियों में संलिप्तता के मामलों में अब तक 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारियों और 21 पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है, जबकि अन्य कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि नशे से जुड़ी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले कर्मचारियों के प्रति नरमी नहीं बरती जाएगी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
225 तस्करों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई
प्रदेश में वर्ष 2023 में पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम लागू होने के बाद अब तक 225 कुख्यात नशा तस्करों को निरुद्ध किया गया है। इनमें से 159 के खिलाफ वर्ष 2026 में कार्रवाई की गई है। सरकार के अनुसार, इस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के मामले में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। संबंधित विभागों और केंद्रीय एजेंसियों को समन्वय के साथ अभियान चलाने तथा संगठित तस्करी, बार-बार अपराध में संलिप्त लोगों और नशे की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

