एचआरटीसी कर्मचारियों व पैंशनर्ज को दीवाली पर मिलेगा डीए का तोहफा
निगम में 300 परिचालक होंगे भर्ती, नहीं बढ़ेगा बसों में न्यूनतम किराया
HNN/ शिमला
एचआरटीसी कर्मचारियों व पैंशनर्ज के लिए राहत भरी खबर है। दीवाली के मौके पर निगम के करीब 10000 कर्मचारियों व 7500 पैंशनर्ज को लंबित डीए का एक मुश्त भुगतान होगा। एचआरटीसी निदेशक मंडल की बैठक में सरकार व निगम प्रबंधन ने कर्मचारियों व पैंशनर्ज को दीवाली पर यह तोहफा देने का फैसला लिया है।
एचआरटीसी कर्मचारियों-पैंशनर्ज की 3 करोड़ का डीए लंबित है। निदेशक मंडल की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि सरकार कर्मचारियों व पैंशनर्ज के हित में लगातार कार्य कर रही है।
निगम कर्मचारियों को रिटायरमैंट के दौरान लीव इन कैशमैंट देने को भी मंजूरी दी गई है। 7 करोड़ 60 लाख रुपए की राशि कर्मचारियों को लीव इन कैशमैंट के तहत जारी कर दी गई है।
निगम में 300 परिचालक होंगे भर्ती, करुणामूलक भर्ती को मंजूरी
बैठक में एचआरटीसी में 300 परिचालकों के पद भरने को मंजूरी दे दी है। ये पद कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से भरे जाएंगे। वहीं बैठक में निगम में करुणामूलक आधार पर खाली पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इसके लिए निगम जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा।
नहीं बढ़ेगा बसों में न्यूनतम किराया, टिकट कैशलैस
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एचआरटीसी बसों का न्यूनतम किराया नहीं बढ़ेगा। निजी बस ऑप्रेटरों की तरफ से आए प्रस्ताव को बीओडी ने नकार दिया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए निगम अब कैशलैस सफर करवाएगा, यानी यात्री एटीएम कार्ड, क्रैडिट कार्ड सहित अन्य कार्ड से किराया दे सकेंगे। इसके अलावा स्कैनर भी लगेंगे। इसके माध्यम से भी यात्री किराया दे सकेंगे। 3 महीनों में कैशलैस की सुविधा शुरू हो जाएगी।
