ऊना डाक मंडल में 9 से 15 अक्तूबर तक जागरूकता कार्यक्रम, आधार शिविर भी लगेंगे
विश्व डाक दिवस और राष्ट्रीय डाक सप्ताह के उपलक्ष्य में ऊना डाक मंडल के विभिन्न डाकघरों तथा क्षेत्रीय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अधीक्षक डाकघर बलबीर चंद के अनुसार, 9 अक्तूबर को विश्व डाक दिवस और 9 से 15 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान लोगों को डाक विभाग की आधुनिक सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्कूलों और ग्राम पंचायतों में विशेष आधार शिविर लगाए जाएंगे।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
बलबीर चंद ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य डाक सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और समाज के प्रत्येक वर्ग तक विभाग की आधुनिक एवं बहुआयामी सेवाएं पहुंचाना है। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और विभिन्न संगठनों को विभाग की योजनाओं से अवगत करवाया जाएगा। ऊना मंडल के अलग-अलग डाकघरों में जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की जाएगी।
स्कूलों में पत्र लेखन प्रतियोगिता
राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान फिलाटेली गतिविधियों के तहत विभिन्न स्कूलों में ‘ढाई अक्षर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त आम लोगों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्कूलों और ग्राम पंचायतों में विशेष आधार शिविर लगाए जाएंगे। विभाग का प्रयास इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों को डाक सेवाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है।
अधीक्षक डाकघर ने बताया कि भारतीय डाक विभाग पारंपरिक सेवाओं के अलावा स्पीड पोस्ट, पार्सल, ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, अंतरराष्ट्रीय डाक, डाक जीवन बीमा, बचत बैंक, आधार एवं पासपोर्ट सेवाएं और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। डिजिटल तकनीक अपनाकर सेवाओं को अधिक तेज, पारदर्शी और ग्राहक-केंद्रित बनाया जा रहा है। डाकघर अब पत्र एवं पार्सल सेवाओं के साथ वित्तीय, बीमा, लॉजिस्टिक्स और नागरिक-केंद्रित सुविधाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं।
बलबीर चंद ने ऊना मंडल के लोगों से अपने नजदीकी डाकघर में जाकर विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने और उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग ‘डाक सेवा, जन सेवा’ की भावना के साथ लोगों को सेवाएं उपलब्ध करवा रहा है। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के कार्यक्रमों के माध्यम से विभाग अपनी सुविधाओं और योजनाओं की पहुंच आम जनता तक बढ़ाने का प्रयास करेगा।