एचआरटीसी की बस में खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर घुसा पहाड़ी से गिरा पत्थर, हादसे में….
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक हादसा पेश आया है, यहां एक एचआरटीसी की बस पर अचानक ही पहाड़ी से पत्थर गिर गए। हादसे में 3 यात्री घायल हुए है। घायलों की पहचान रामेश्वरी पत्नी ज्ञान सिंह निवासी गांव भोलाड़, कमल पुत्र लाल बहादुर व भीम पुत्र नीलधर के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल भिजवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक एचआरटीसी की बस झड़ासली से शिमला जा रही थी। इस दौरान जैसे ही बस भोलाड़ नाले के पास पहुंची तो सड़क पर मलबा होने के कारण वहीं रुक गई। इस दौरान पहाड़ी से एक पत्थर गिरकर बस की खिड़की के शिशे को तोड़कर अंदर घुस गया। जिसकी चपेट में आने से तीन यात्री घायल हो गए।
हादसे के दौरान बस में एक दर्जन यात्री सवार थे। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। खबर की पुष्टि डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने की है।
