Loading...

एचआरटीसी धार्मिक स्थलों के लिए चलाएगी पौने दो सौ नए रूट- उपमुख्यमंत्री

Ankita • 3 Feb 2024 • 1 Min Read

बोले- एचआरटीसी में जल्द ही 700 ड्राइवरों-कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी

HNN/ मंडी

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी धार्मिक दर्शन के लिए पौने दो सौ नए रूट चलाने जा रही है। इससे प्रदेश के सभी प्रमुख मंदिरों के साथ साथ दूसरे राज्यों के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के लिए भी बस सेवा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी में जल्द ही 700 ड्राइवरों-कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी। इनमें 350 ड्राइवर और 350 कंडक्टर रखे जाएंगे।

वहीं जल्द ही एचआरटीसी के बेड़े में 350 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। उपमुख्यमंत्री मंडी जिले के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की रखोटा पंचायत में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए काम कर रही है। सरकारी विभागों में भर्तियां की जा रही हैं। एचआरटीसी में भर्ती के अलावा अकेले जलशक्ति विभाग में ही 10 हजार युवा रखे जाएंगे। इससे प्रदेशभर में जलशक्ति विभाग की प्रत्येक स्कीम पर कर्मचारी होगा।

बोले…विधानसभा में पास करेंगे पेंशन का विधेयक
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम सरकार अपने पूरे कार्यकाल में ओपीएस बहाली को लेकर इनकार करती रही। बीजेपी वाले कहते थे कि पेंशन देना संभव ही नहीं है। पिछली बीजेपी की सरकार में प्रदेश के सरकारी कर्मी अपमानित होते रहे। वे अपनी मांगों को लेकर शिमला जाते तो उन पर डंडे बरसाए जाते थे, मुकदमे बनाए जाते थे और ट्रांसफर के ऑर्डर थमाए जाते थे।

हमने डंके की चोट पर कहा था कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही हम ओपीएस बहाल करेंगे। जनता ने हमें सेवा का मौका दिया और हमने 1.36 लाख लोगों को ओपीएस देकर अपना वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि अब कुछ लोग कहने लगे हैं कि सत्ता में आने पर बीजेपी पेंशन बंद कर देगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हर काम पक्का करती है। सरकार विधानसभा में पेंशन को लेकर ऐसा पक्का विधेयक पास करेगी ताकि भविष्य में भी कभी ओपीएस बंद ना की जा सके।

25 लाख से होगा नबाही माता मंदिर के प्राचीन तालाब का जीर्णोद्धार
उपमुख्यमंत्री ने सरकाघाट के नबाही माता मंदिर के प्राचीन तालाब के जीर्णोद्धार के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने रखोटा पंचायत के प्रांगण में बने मंच के सुधार के लिए 5 लाख तथा प्राचीन बताली माता मंदिर के सौंदर्यकरण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने भदरोता क्षेत्र की सभी 16 पंचायतों के महिला मंडलों को 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने भदरोता क्षेत्र से प्रदेश के बाहर के धार्मिक स्थलों के लिए 2 नए बस रूट आरंभ करने की स्वीकृति दी।

मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी 17 हल्कों के समान विकास को तरजीह- प्रतिभा सिंह
इस अवसर पर अपने संबोधन में सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनकल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से भदरोता क्षेत्र में सड़कों, डंगों के निर्माण तथा विकास के अनेक कार्यों के लिए जितना पैसा उनसे मांगा गया उन्होंने उससे ज्यादा पैसा दिया है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव समीप हैं, लोग किसी के बरगलाने में न आएं बल्कि काम के आधार पर वोट करें। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी 17 हल्कों के लिए उन्होंने सांसद निधि का एक समान वितरण किया है, ताकि सभी जगह विकास को गति मिले।

सरकाघाट विस क्षेत्र में सड़कों- पानी पर ख़र्चे जा रहे 270 करोड़- पवन ठाकुर
इस मौके विधानसभा चुनाव में सरकाघाट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे पवन ठाकुर ने उपमुख्यमंत्री तथा सांसद का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न मांगे उनके समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार की विकास की प्रतिबद्धता के चलते सरकाघाट विस क्षेत्र में लोक निर्माण और जलशक्ति महकमों के 270 करोड़ के कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय में भी कांग्रेस सरकार ने पूरी मदद देकर लोगों के जीवन को पटरी पर लाने का काम किया है। इस दौरान पूर्व मंत्री रंगीला राम राव ने कहा कि सरकाघाट क्षेत्र का विकास कांग्रेस सरकारों की देन है। स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के मुख्यमंत्रीत्व काल में क्षेत्र में विकास की अनेक परियोजनाओं को सिरे चढ़ाया गया तथा विभिन्न विभागों के दफ्तर यहां खोले गए। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम हुआ।

उपमुख्यमंत्री ने 15 करोड़ की 3 पेयजल परियोजनाओं का किया शिलान्यास
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी जिले के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के नबाही और रखोटा में जलशक्ति विभाग की 15 करोड़ रुपये की 3 पेयजल परियोजनाओं के शिलान्यास किए। इससे नबाही और रखोटा समेत पूरे भदरोता क्षेत्र के लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा निर्मित होगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को जल्द पूरा कर के जनता को समर्पित किया जाएगा ताकि सभी को शीघ्र लाभ मिले।

रखोटा के पंचायत घर परिसर में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम से पहले उप-मुख्यमंत्री ने सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के नबाही में 2 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना नवाही, बैहल, जुकैण के पुनर्निर्माण तथा जल जीवन मिशन के तहत लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना बलद्वाड़ा भदरोता व गोपालपुर के लिए 2.00 एम.एल.डी क्षमता के जल संशोधन सयंत्र का शिलान्यास किया।

उन्होंने रखोटा में जल शक्ति उपमंडल भद्रवाड़ में जल जीवन मिशन योजना के अंतर्गत 7 करोड़ 95 लाख रुपये से निर्मित होने वाली विभिन्न पेयजल योजनाओं के स्त्रोत के सुदृढ़ीकरण के कार्य का शिलान्यास भी किया।

उपमुख्यमंत्री ने किया जनता से सीधा संवाद, निपटाई जनसमस्याएं
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी जिले के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की रखोटा पंचायत में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में जनता से सीधा संवाद किया और मौके पर जनसमस्याएं निपटाई। उन्होंने करीब 135 मांग प्रस्तावों और जन समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। कार्यक्रम में अधिकतर आवेदन विकास मांगों से संबंधित थे।

उपमुख्यमंत्री ने हर व्यक्ति से सीधा संवाद किया और हर सम्भव मांग को पूरा करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में भदरोता क्षेत्र की 16 पंचायतों को शामिल किया गया था, इनमें भद्रवाड़, समसौह, रखोटा, गौंटा, थौना, जमनी, गाहर, टिक्कर, रिस्सा, पिन्गला, चलहोग, खाहन, मसेरन, बाग, चौरी और कास पंचायतें शामिल थीं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता से किया हर वादा पूरा करेगी। कांग्रेस सरकार जो कहती है वो करती है। ओपीएस बहाली के साथ हमने अपनी बात पूरी की है। महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा भी निश्चित पूरा किया जाएगा। प्रदेश में आपदा से उपजे हालात के कारण इसमें व्यवधान हुआ है। कांग्रेस सरकार ने 4500 करोड़ का आपदा राहत पैकेज जारी करके प्रभावितों की मदद की है। सरकार जनता को दी अपनी हर गारंटी पूरा करेगी।