एचआरटीसी बस व कार के बीच जोरदार भिड़ंत, 2 घायल
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में एक सड़क हादसा पेश आया है यहां एक तेज रफ्तार कार और एचआरटीसी बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार 2 लोग घायल हुए हैं। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को दी गई शिकायत में बस चालक पदम सिंह ने बताया कि वह सोलन से शिमला की ओर आ रहे थे। इस दौरान यूपी नंबर की तेज रफ्तार कार ने 103 रोड के पास बस को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बस में 12 लोग सवार थे, जिसमें 2 लोग घायल हुए हैं।
हादसे के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उधर, बालूगंज पुलिस ने बताया कि कार चालक की लापरवाही की वजह से हादसा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 270, 337 आईपीसी और 184 एमवी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।