एचपीयू ने पीएचडी में प्रवेश के लिए इस दिन तक बढ़ाई ऑनलाइन आवेदन की तिथि….
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने पीएचडी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा में बैठने के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि 10 अप्रैल तक बढ़ा दी है। आवेदन करने की तिथि शनिवार को समाप्त हो रही थी, लेकिन इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए मौका देने के दृष्टिगत आवेदन तिथि आगे बढ़ाई है।
प्रवेश परीक्षा की तिथि बाद में अलग से जारी की जाएगी। हालांकि अभी विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा की तिथि तय नहीं की है और विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बीके शिवराम ने उम्मीदवारों को संबंधित जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वैबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए प्रवेश परीक्षा के आधार पर 23 विभागों में पीएचडी की 137 सीटें भरी जाएंगी। इस बार विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के साथ 12 अंक की शोध रिसर्च एप्टीट्यूड टैस्ट संबंधित यूजीसी के नियमों को लागू किया है।