HNN/ हमीरपुर
राष्ट्रीय प्रोद्यौगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में करीब 11 दिन पहले रात को शराब पीकर पहुंची एक छात्रा समेत सात छात्रों पर संस्थान की ओर से कड़ी कार्यवाही करते हुए उन्हें एक साल के लिए होस्टल से निकाल दिया गया है। इनमें से छह छात्रों पर दस-दस हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
बताते चलें कि इससे पहले अुनशासन कमेटी की रिपोर्ट के बाद संस्थान 24 छात्रों पर पहले ही कार्यवाही कर चुका है, जोकि अवांछित गतिविधियों में संलिप्त पाए गए थे। इनमें से दो छात्रों को एक साल के लिए संस्थान से बाहर किया गया था, जबकि कुछ को होस्टल से बाहर निकाला गया था, जबकि अन्य को फाइन लगाकर और वार्निंग देकर छोड़ा गया था।
बता दें 23 अक्तूबर को एनआईटी हमीरपुर में घटे घटनाक्रम के बाद प्रबंधन अब तक अवांछित गतिविधियों में संलिप्त 32 छात्रों पर कार्यवाही कर चुका है। गत चार नवंबर को एक छात्रा समेत संस्थान के कुछ छात्रों का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में छात्रा नशे की हालत में थी और उसे कुछ छात्र पकडक़र जा रहे थे।
उस वक्त बताया गया था कि इन छात्रों ने पहले हमीरपुर के एक नामी होटल में शराब पी थी। फिर वहां उनका झगड़ा भी हुआ था। रात को यह छात्रा और अन्य छात्र जब एनआईटी के गेट पर पहुंचे थे, तो सिक्योरिटी गार्ड ने इन्हें गेट पर रोक लिया था। वहां इन्होंने काफी शोर-शराबा किया था।
बाद में एनआईटी प्रशासन को सूचित किया गया। जब प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो इन्होंने नशे की हालत में इनके साथ भी बदतमीजी की थी। प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया और जब इनका मेडिकल किया गया था, तो उनके द्वारा अल्कोहल लेने की पुष्टि हुई थी। इन आठ छात्रों पर प्रबंधन ने अब कार्यवाही की है।

