एनएसयूआई नेता कार्तिक जसवाल के निधन पर शोक सभा , राजीव भवन में पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
शिमला
महज 23 वर्ष की उम्र में कार्तिक जसवाल के निधन से एनएसयूआई और कांग्रेस परिवार में शोक की लहर
एनएसयूआई ने किया श्रद्धांजलि आयोजन
राज्य एनएसयूआई के पूर्व पदाधिकारी रहे दिवंगत कार्तिक सिंह जसवाल को श्रद्धांजलि देने के लिए 14 जून को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसयूआई के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
युवा नेतृत्व की अपूरणीय क्षति
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर ने कहा कि कार्तिक सिंह जसवाल का असमय निधन एनएसयूआई के लिए एक गहरी क्षति है। मात्र 23 साल की उम्र में उन्होंने संगठन के लिए जो योगदान दिया, वह मिसाल है। उन्होंने कहा कि कार्तिक एक सच्चे सिपाही और प्रेरणास्रोत थे, जिन्हें एनएसयूआई परिवार हमेशा याद रखेगा।
जसवाल परिवार के लिए गहरा आघात
हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा ने पार्टी की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बताया कि हाल ही में कार्तिक के दादा सुंदर सिंह जसवाल का भी निधन हुआ था और अब एक महीने के भीतर उनके पौत्र का निधन पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े होने का आश्वासन भी दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया शोक
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने एक शोक संदेश में दिवंगत कार्तिक जसवाल के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्तिक का पार्टी के प्रति समर्पण और कर्मठता अद्वितीय थी और उनके जाने से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।